उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़
जिला कारागार बलरामपुर में चार दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ, 100 से अधिक कैदियों ने किया योगाभ्यास

वेदान्त सिंह की रिपोर्ट
बलरामपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के 20वें दिन जिला कारागार बलरामपुर में चार दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन, इंडियन योगा एसोसिएशन, इंडियन योगा फेडरेशन, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉलिस्टिक हेल्थ एवं योग स्पोर्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में योग गुरु डॉ. वीरेन्द्र विक्रम सिंह, अवकाश प्राप्त अधिकारी भारतीय स्टेट बैंक, ने योग प्रोटोकॉल के तहत जेल में निरुद्ध कैदियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम की शुरुआत यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं से हुई, जिसमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन एवं जानू चालन का अभ्यास कराया गया।
इसके बाद खड़े होकर किए जाने वाले योगासनों में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन एवं अर्धचक्रासन का अभ्यास कराया गया। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, पूर्ण उष्ट्रासन, शशांकासन एवं वक्रासन शामिल रहे। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कारागार अधीक्षक मुकेश कुमार एवं शैलेश कुमार सिंह सोनकर का विशेष योगदान रहा। जिला कारागार अधीक्षक ने कैदियों को संबोधित करते हुए योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी तथा नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डिप्टी जेलर राम प्रवेश, अभय कुमार यादव, सोमनाथ पाण्डेय एवं रण विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में जिला कारागार के 100 से अधिक कैदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी योग शिविर के माध्यम से कैदियों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Subscribe to my channel


