खैरथल- तिजारादेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
किशनगढ़बास। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी किशनगढ़बास के नेतृत्व में सोमवार को देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक दीपचंद खेरिया ने किया। विधायक के निजी सहायक सुनील कान्त गोल्डी ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान आमजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की ओर आकर्षित किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि रसोई गैस (एलपीजी), पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दामों से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। महंगाई के कारण आम नागरिकों के लिए दैनिक जरूरतों की पूर्ति करना कठिन होता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सरकारी कार्यालयों एवं विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी अनावश्यक परेशानियों और रिश्वतखोरी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे जनता का शोषण हो रहा है। युवाओं की बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है। सरकार को रोजगार सृजन की दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। ज्ञापन में नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक प्रकरणों पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसी घटनाएं लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की।
इसके अलावा पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताते हुए शीघ्र चुनाव कराने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर सरकार शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगी।
इस अवसर पर विधानसभा समन्वयक देव कसाना, प्रदेश महासचिव अजीत यादव, प्रधान बीपी सुमन, खैरथल-तिजारा महिला जिला अध्यक्ष विनोद कुमारी सांगवान, पीसीसी सदस्य गिरीश डाटा, ब्लॉक अध्यक्ष किशनगढ़बास संदीप पाटिल, ब्लॉक अध्यक्ष कोटकासिम रामप्रसाद गुर्जर, पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी, शहर अध्यक्ष संस्कार अग्रवाल, कोटकासिम शहर अध्यक्ष चंदू सैनी, नगरपालिका किशनगढ़बास में नेता प्रतिपक्ष उमेश यादव, नगर परिषद में नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, धीरूभाई, सूरत खैरिया, जयप्रकाश हेडाऊ, रामचन्द्र कामरेड, मातादीन, नवीन खैरिया, मनोज बुराड़िया, सुनील सांवरिया, नितिन यादव, राहुल खैरिया, जतिन लालवानी, आसमदीन, किशनचंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


