उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिरूद्रपुर

बकरीद पर अव्यवस्थाओं को रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी,नगर निगम में हुई अहम बैठक में कई निर्णय,सिर्फ चार चिन्हित स्थलों पर ही होगी सांकेतिक कुर्बानी

The administration is on alert to prevent chaos during Bakrid. Drones will be used for surveillance. Several decisions were taken at a crucial meeting at the Municipal Corporation. Symbolic sacrifices will be performed only at four designated sites.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल

रुद्रपुर। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर नगर निगम सभागार में पुलिस प्रशासन, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नियम उल्लंघन और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें सबसे प्रमुख निर्णय कुर्बानी स्थलों की ड्रोन से निगरानी कराने का रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस बार निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा नगर निगम द्वारा जारी एसओपी के अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि शहर में केवल चार पारंपरिक और चिन्हित स्थलों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी। इनमें खेड़ा, आदर्श कॉलोनी, सीरगोटिया और सुभाष कॉलोनी शामिल हैं। महापौर ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक स्थल पर केवल एक ही सांकेतिक कुर्बानी होगी तथा किसी भी स्थान पर एक से अधिक कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी कुर्बानी स्थलों पर ड्रोन के माध्यम से डिजिटल निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस बल, सिविल अधिकारियों और नगर निगम कर्मचारियों की विशेष तैनाती भी रहेगी, जो पूरे समय निगरानी करेंगे। कुर्बानी प्रक्रिया कुर्बानी निगरानी समिति की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी ताकि नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि घरों के भीतर बच्चों के सामने कुर्बानी देने की परंपरा को इस बार रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही यदि किसी क्षेत्र में घरों के आसपास या नालियों में खून बहता दिखाई दिया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी तथा स्वच्छता व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि “यह देवभूमि है और इसे बूचड़खाना नहीं बनने दिया जाएगा। देवभूमि की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों के अनुरूप हिंसा की भावना और अव्यवस्थाओं को सख्ती से रोका जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पहले जिस प्रकार बड़े जानवरों की बलि दी जाती थी, अब उस पर रोक है और प्रशासन इसे लेकर पूरी तरह गंभीर है।

 

बैठक में मौजूद एडीएम ने कहा कि न्यायालय और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि बकरीद के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे, स्वच्छता प्रभावित न हो और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

बैठक में उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी ,अधिशाषी अभियंता, उत्तराखडं विद्युत् वितरण खंड , अधिशाषी अभियंता, जल संस्थान ,कोतवाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button