उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
होमगार्ड भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, नकलविहीन व्यवस्था पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 अप्रैल 2026 (सूचना विभाग):
जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एपीएन पीजी कॉलेज, ए.एस.एच.एस. एंड जी.आर.एस. इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज तथा बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई।

Subscribe to my channel

