उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: खरीफ 2026 के लिए ढैंचा बीज अब ई-लॉटरी से मिलेगा, 10 मई तक करें ऑनलाइन बुकिंग

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
जनपद बस्ती के पंजीकृत किसानों के लिए खरीफ 2026 सीजन में ढैंचा बीज वितरण की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब “पहले आओ, पहले पाओ” व्यवस्था की जगह ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ई-लॉटरी प्रणाली लागू की गई है।
उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत ढैंचा बीज का वितरण पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। लाभार्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ढैंचा एक फलीदार फसल है, जिसका उपयोग हरी खाद के रूप में किया जाता है। इसकी खेती से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और खेत में प्राकृतिक रूप से नाइट्रोजन की पूर्ति होती है। ढैंचा को 40-45 दिनों में जुताई कर मिट्टी में मिला देने से यूरिया और डीएपी जैसे पोषक तत्वों की आवश्यकता कम हो जाती है और मिट्टी का कार्बनिक पदार्थ बढ़ता है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे कृषि विभाग के पोर्टल https://agriculture.up.gov.in� (कृषि दर्शन-1) पर जाकर स्वयं या जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है, इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
ढैंचा की खेती से जुड़े मुख्य बिंदु:
बुआई का समय: मई से जुलाई (मानसून से पहले)
बीज मात्रा: 15-20 किलोग्राम प्रति एकड़
कटाई का समय: 40-45 दिन (फूल आने से पहले)
लाभ: हरी खाद, मिट्टी में सुधार, कम लागत में पोषक तत्व, खरपतवार नियंत्रण
अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं।
Subscribe to my channel


