उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में तटबंधों का निरीक्षण करने पहुंचीं डीएम, बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 24 जुलाई 2026। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शुक्रवार को विभिन्न तटबंधों एवं बाढ़ बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अयोध्या बाईपास के निकट एनएचएआई द्वारा किए गए निर्माण कार्य के कारण मुख्य नदी की धारा के टेढ़ी नदी की ओर मुड़ने से बढ़े जल प्रवाह की स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि बढ़े हुए डिस्चार्ज के चलते भौसिया पंप नहर के अपस्ट्रीम क्षेत्र में दबाव बना हुआ है।
इसके अलावा ग्राम पकड़ी संगम और अर्जुनपुर के पास लगभग तीन किलोमीटर नीचे जमीनी कटान की स्थिति भी देखी गई। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कटान स्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में कटान तटबंध से लगभग 300 मीटर दूर है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।
जिलाधिकारी ने इसके बाद काशीपुर–दुबौलिया, विक्रमजोत–धुसवा तथा कटरिया–चांदपुर तटबंधों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में विक्रमजोत–धुसवा परियोजना का प्रस्तावित निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नदी की धारा बदलने से इस क्षेत्र में कटान की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण हो गया है। अन्य तटबंधों की स्थिति भी सामान्य और सुरक्षित पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिजर्व स्टॉक सामग्री, बाढ़ चौकियों तथा बाढ़ शरणालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


