उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में ‘सिंचाई व पोषण प्रबंधन’ पर विशेष प्रशिक्षण, देशभर के प्रतिभागी शामिल

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 अप्रैल 2026 (सू.वि.) – औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, बस्ती के अंतर्गत संचालित इण्डो-इजराइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्रूट्स, बंजरिया में “सिंचाई व पोषण प्रबंधन” विषय पर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 13 से 16 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय बागवानी विकास मिशन, भारत सरकार, मशाव (इजराइल एम्बेसी, नई दिल्ली) एवं उत्तर प्रदेश उद्यान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।
कार्यक्रम के तीसरे दिन (15 अप्रैल) प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। नेटाफिम इरीगेशन के प्रतिनिधि प्रशांत पंचोली ने फील्ड विजिट के दौरान वेंचुरी के उपयोग, डिजिटल टूल्स और आम की फसल में ऑटोमेशन आधारित सिंचाई प्रबंधन की अवधारणा को विस्तार से समझाया। वहीं, संदीप जावलेकर द्वारा अब तक दिए गए प्रशिक्षण के आधार पर प्रतिभागियों की परीक्षा भी आयोजित की गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, मिजोरम, तेलंगाना, राजस्थान, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के इण्डो-इजराइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से आए प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
संयुक्त निदेशक अनीश कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को केंद्र में चल रही विभिन्न औद्यानिक गतिविधियों का भ्रमण कराते हुए व्यावहारिक जानकारी दी। वहीं, मशाव (इजराइल एम्बेसी) के प्रोजेक्ट ऑफिसर ब्रम्हदेव ने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रसारित करें और किसानों को माइक्रो इरिगेशन व फर्टिगेशन तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करें।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Subscribe to my channel


