उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में ‘नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम’ सम्पन्न, छात्राओं को अधिकारों व सुरक्षा की दी जानकारी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 15 अप्रैल 2026 (सू.वि.) — उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा. उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी के नेतृत्व में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा. उपाध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने कहा कि आज के समय में महिलाओं का शिक्षित और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को महिलाओं से जुड़े विभिन्न कानूनों, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090 और 181 की जानकारी साझा की और छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक चुनौतियों से निपटने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मातृत्व वंदन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, बाल विवाह रोकथाम, टीकाकरण और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।
मा. उपाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय परिवर्तन का युग है, जहां नारी का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि व्यवहार में भी दिखाई दे रहा है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और नारी वंदन योजना के माध्यम से उनकी भागीदारी और सशक्त होगी, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। आयोग द्वारा जनसुनवाई, चौपाल और अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं तक पहुंचने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी महिला के साथ अन्याय न हो।
इस अवसर पर नारी वंदन योजना के अंतर्गत उपस्थित महिलाओं और छात्राओं ने हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राली सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार, पिछड़ा कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, प्रभारी प्रधानाचार्य अंजू वर्मा सहित कई अधिकारी, शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Subscribe to my channel


