उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार
बस्ती : जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न, जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 11 नवम्बर 2025 (सू.वि.) – जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैंक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र उद्यमियों के ऋण स्वीकृति से संबंधित मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए।
उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए ताकि निवेशकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
बैठक के दौरान व्यापार बन्धु समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी के समक्ष अस्पताल चौराहे पर जाम, बड़ेवन सर्विस रोड पर नाली, महराजगंज सर्विस रोड पर नाले की समस्या, छुट्टा पशुओं से जाम की स्थिति, और हडिया चौराहे पर सर्विस लेन की जर्जर सड़क जैसी स्थानीय समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेन्द्र यादव ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, एलडीएम आर.एन. मौर्या, चेम्बर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अशोक सिंह, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अनिल सिंह रैकवार, चेम्बर ऑफ कॉमर्स महासचिव एस.सी. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


