उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
जेई/एईएस नियंत्रण पर बस्ती मंडल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, प्रभावी नियंत्रण पर हुई विस्तृत चर्चा

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 06 नवम्बर 2025 (सू.वि.)।
मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आज आयुक्त सभागार में जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) एवं एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (AES) के प्रभावी नियंत्रण और सफलता के दस्तावेजीकरण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन परियोजना प्रधान अन्वेषक (AIIMS गोरखपुर) डॉ. अनिल कोपरकर के नेतृत्व में तथा नोडल अधिकारी (JE/AES) डॉ. वी.के. श्रीवास्तव के संयोजन में किया गया।
बैठक में जेई/एईएस उन्मूलन अभियान की प्रगति, अस्पतालों में उपचार व्यवस्था, जन-जागरूकता कार्यक्रम और “दस्तक अभियान” जैसी प्रमुख पहलों की उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि राज्य सरकार एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश में जेई/एईएस के मामलों एवं मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान किए गए प्रयासों, उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बस्ती सार्थक अग्रवाल, अपर निदेशक स्वास्थ्य बस्ती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर, तथा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, पंचायती राज, नगर निकाय और अन्य भागीदार संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी विभागों का समन्वय एवं सतत निगरानी ही जेई/एईएस जैसी गंभीर बीमारियों के नियंत्रण की कुंजी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाएं ताकि बीमारी की रोकथाम के प्रति हर स्तर पर संवेदनशीलता बनी रहे।

Subscribe to my channel


