उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिरूद्रपुर

सीएम धामी के चार साल निराशाजनकः हिमांशु गावा,झूठे प्रचार से जनता को किया जा रहा गुमराह

CM Dhami's four years are disappointing: Himanshu Gava, people are being misled by false propaganda

ब्यूरो रिपोर्ट… रामपाल सिंह धनगर

रुद्रपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चार साल का कार्यकाल निराशाजनक और असफलताओं से भरा रहा है। भाजपा सरकार केवल झूठे प्रचार के बल पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि ज़मीनी सच्चाई इससे बिल्कुल अलग है।

हिमांशु गावा ने कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि भाजपा के अपने ही सांसद, विधायक और पदाधिकारी सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। युवा सरकार की खोखली नीतियों के कारण हताश हो चुके हैं, और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उत्तराखंड महिला अपराधों के मामले में देश में शीर्ष पर पहुंच गया है, जो सरकार की नीतिगत असफलता का जीता-जागता उदाहरण है।

उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों की लगातार हो रही मौतों को सरकार की अव्यवस्था का परिणाम बताया। सड़कों पर हो रही दुर्घटनाएं और उनमें बढ़ती मौतें भी सरकार की लचर व्यवस्थाओं को उजागर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का सबसे पहला उल्लंघन खुद भाजपा के पूर्व विधायक द्वारा किया गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सरकार अपने ही बनाए कानूनों को लागू करने में नाकाम है।

जिलाध्यक्ष गावा ने कहा कि खनन और भू-माफियाओं को खुला संरक्षण दिया जा रहा है, और भाजपा नेताओं के विरोध के बावजूद नदियों की लूट नहीं रुकी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भर्ती घोटालों को युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मज़ाक बताया और उपनल, आशा और आंगनबाड़ी कर्मियों की उपेक्षा को कर्मचारी विरोधी मानसिकता का परिणाम कहा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने कांग्रेस शासन में बनाई गई मलिन बस्ती नियमितीकरण नीति को दरकिनार कर हजारों गरीबों को बेघर किया है।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगर निकाय और पंचायत चुनावों में अनावश्यक देरी कर सरकार ने लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है और हर चुनाव में सरकारी मशीनरी का खुलकर दुरुपयोग किया गया है। गावा ने कहा कि भाजपा सरकार धार्मिक ध्रुवीकरण के ज़रिए समाज को बांटने की साज़िश कर रही है, जिससे सामाजिक सौहार्द पर खतरा मंडरा रहा है।

स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की दुर्दशा का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाएं शौचालय में प्रसव को मजबूर हैं और विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी से बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष अनामिका शर्मा के प्रकरण में प्रशासन द्वारा दी गई विशेष सुविधाओं और जांच को प्रभावित करने की कोशिशों को भी उन्होंने शासन के संरक्षण का परिणाम बताया।

उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार की चुप्पी को न्याय व्यवस्था को कमजोर करने वाला बताया और गैरसैंण की उपेक्षा को पर्वतीय जनता की भावनाओं के साथ धोखा करार दिया। एम्स ऋषिकेश सहित अन्य प्रमुख संस्थानों में फैले भ्रष्टाचार पर सरकार की चुप्पी को चिंताजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पा रही हैं।

हिमांशु गावा ने कहा कि सीएम धामी के चार वर्षों का पूरा कार्यकाल असफलताओं और जनविरोधी नीतियों से भरा रहा है। जनता अब इन झूठे प्रचारों और खोखली घोषणाओं से भ्रमित नहीं होने वाली। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सभी मुद्दों पर जनता के सामने खुलकर जवाब देने की मांग की और कहा कि कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक इन सवालों को मजबूती से उठाएगी।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button