अपराधउत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मुण्डेरवा पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर चोरी की विद्युत मोटर व ₹13,500 नकद बरामद किया

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। मुण्डेरवा थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई लुबिया कंपनी की एक विद्युत मोटर (टुल्लू पंप) तथा विभिन्न चोरियों से संबंधित ₹13,500 नकद बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना मुण्डेरवा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 260/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित मामले में प्रकाश में आए अभियुक्त विक्की पुत्र उदलेश सोनकर, निवासी खटकहिया पश्चिम टोला (महसो), थाना लालगंज, जनपद बस्ती, उम्र करीब 21 वर्ष को शनिवार 3 अक्टूबर 2026 को रात करीब एक बजे भैसा पाण्डेय गांव स्थित आरबीएस ईंट भट्ठा मोड़ से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक 3/4 अगस्त 2026 की रात वादी के धान के खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए लुबिया कंपनी के विद्युत मोटर को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। तहरीर के आधार पर मुण्डेरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बस्ती जनपद के विभिन्न थानों में चोरी एवं संबंधित धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय बस्ती भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विक्रमादित्य सिंह एवं कांस्टेबल अरुण कुमार शर्मा, थाना मुण्डेरवा शामिल रहे।

Subscribe to my channel


