बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जसोल में मनाया गया साम्प्रदायिक सौहार्द दिवस, सर्वधर्म सम्मेलन में भाईचारे और नशामुक्ति का संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

जसोल, 3 अक्टूबर। अणुव्रत समिति जसोल की ओर से शनिवार को अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण जी द्वारा घोषित एवं अणुविभा के तत्वावधान में साम्प्रदायिक सौहार्द दिवस मनाया गया। जसोल मुख्य बाजार स्थित पुराने ओसवाल भवन में साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी आदि ठाणा-4 के सानिध्य में सर्वधर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जसोल शाही मस्जिद के पेशइमाम मौलवी जनाब शौकत अली अकबरी तथा राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उम्मा दीदी एवं सरस्वती दीदी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत साध्वी श्री के मंगलाचरण से हुई। अणुव्रत समिति जसोल के प्रचार-प्रसार मंत्री डूंगर चंद बागरेचा ने मधुर स्वर में ‘संयममय जीवन हो’ गीतिका का संगान किया। समिति अध्यक्ष महावीर चंद सालेचा ने अणुव्रत आचार संहिता का वाचन कराया तथा 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘नशामुक्त परिवार 2026 मैराथन’ में अधिक से अधिक लोगों से सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों से अणुव्रत संकल्प पत्र भरने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम प्रभारी भूपतराज कोठारी ने ‘बदले युग की धारा, अणुव्रतों के द्वारा’ गीतिका के माध्यम से नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। साध्वी विद्युत प्रभा जी ने सद्भावना विषय पर अपने विचार रखते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

जसोल में विराजित साध्वी श्री किरणयशा कांटाभाजी (ओडिशा) की संसार पक्षीय बहन दीप्ति जैन, विशाखापट्टनम ने गुरुदेव तुलसी का स्मरण करते हुए सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को आगे बढ़ाने की बात कही। लुंभनाथ धूना समिति के अध्यक्ष नरसिंग राम सोलंकी ने भी नशामुक्ति और नैतिक जीवन का संदेश दिया।

पेशइमाम शौकत अली अकबरी ने जसोल में कायम अमन, चैन और भाईचारे के माहौल की सराहना की। उन्होंने रमजान के दौरान हिन्दू समाज द्वारा मुस्लिम भाइयों के लिए रोजा इफ्तारी करवाने तथा ईद के अवसर पर आपसी मिलकर शुभकामनाएं देने की परंपरा का उल्लेख करते हुए इसके लिए आभार व्यक्त किया।

राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उम्मा दीदी ने सर्वव्यापी ईश्वरीय शक्ति की भावना व्यक्त करते हुए आचार्य श्री महाश्रमण जी के अहिंसा संदेश को स्मरण किया। उन्होंने नैतिकता, सद्भावना और नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए समाज में इन मूल्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान अध्यक्ष पारस मल गोलेछा ने आभार व्यक्त किया, जबकि तेरापंथ सभा अध्यक्ष मानकचंद संखलेचा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथियों का अणुव्रत दुपट्टा पहनाकर एवं साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि रविवार, 4 अक्टूबर को सुबह 9:15 बजे पुराने ओसवाल भवन से पर्यावरण शुद्धि दिवस एवं ‘नशामुक्त परिवार मैराथन 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री के सानिध्य में विशेष अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। समिति ने आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के अध्यक्ष जनाब याकूब खान मोयला, अणुव्रती अकरम खान पठान, हनीफ खान, नरसिंग राम सोलंकी, गौतमचंद सालेचा, डूंगर चंद सालेचा, तेरापंथ सभा मंत्री मानकचंद संखलेचा, सम्पतराज चोपड़ा, रमेश कुमार वोहरा सहित अनेक श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंत्री सफरूखान ने किया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button