बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा ने लगाया विशाल हड्डी रोग जांच एवं परामर्श शिविर, 55 मरीजों को मिली निःशुल्क चिकित्सा सेवा

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। महावीर इंटरनेशनल बालोतरा की ओर से महावीर डागा हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के सहयोग से न्यू डागा हॉस्पिटल, इंडस्ट्रियल एरिया में विशाल हड्डी रोग जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हड्डी रोग से संबंधित मरीजों की निःशुल्क जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में अहमदाबाद के सरस्वती मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय बंग ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान हड्डी रोग से संबंधित कुल 55 मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया गया।
महावीर इंटरनेशनल के संरक्षक पारसमल भंडारी एवं अंतर्राष्ट्रीय पूर्व उपाध्यक्ष सीए ओम प्रकाश बांठिया ने डॉ. विजय बंग द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण समय और सेवाओं की सराहना करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। वहीं खूबचंद महावीरचंद डागा चेरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी शांतिलाल डागा ने डागा हॉस्पिटल के माध्यम से डॉ. बंग द्वारा प्रदान की गई सेवाओं को अनुकरणीय बताया।
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा के केंद्र चेयरमैन जवाहरलाल हुडिया एवं सचिव अशोक व्यास ने बताया कि शिविर का उद्देश्य हड्डी संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लिया।
जॉन चेयरमैन महेंद्र चोपड़ा एवं पूर्व अध्यक्ष जवेरीलाल मेहता ने बताया कि शिविर के आयोजन में पूर्व अध्यक्ष धर्मेश चोपड़ा, उपाध्यक्ष गौतम दांती, कोषाध्यक्ष महावीर बोकाडिया, अरुण श्रीवास्तव सहित महावीर इंटरनेशनल के सदस्यों ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं डागा हॉस्पिटल की ओर से ट्रस्टी शांतिलाल डागा, अशोक कुमार डागा, आनंद कुमार, हनुमान डागा एवं गजेंद्र सहित स्टाफ सदस्यों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के दौरान महावीर इंटरनेशनल की ओर से डॉ. विजय बंग का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. बंग ने आश्वासन दिया कि अहमदाबाद स्थित सरस्वती मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में जरूरतमंद मरीजों को उनकी सेवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन पर महावीर इंटरनेशनल बालोतरा एवं डागा हॉस्पिटल से जुड़े सदस्यों ने चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. विजय बंग सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Subscribe to my channel


