बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
हेमंत कातेला ने नगर निगम बीकानेर के बजट, विकास कार्यों और UD टैक्स का मांगा हिसाब, RTI लगाकर पांच वर्षों का रिकॉर्ड मांगा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। नगर निगम बीकानेर के पिछले पांच वर्षों के बजट, वार्डवार विकास कार्यों, फॉगिंग मशीनों की स्थिति एवं UD टैक्स की वसूली को लेकर सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
RTI आवेदन के माध्यम से वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक नगर निगम को राज्य सरकार, केंद्र सरकार, वित्त आयोग एवं विभिन्न योजनाओं से प्राप्त बजट और अनुदान का वर्षवार हिसाब मांगा गया है। इसके साथ ही स्वीकृत बजट, वास्तविक आय, खर्च एवं विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि का मदवार विवरण उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
हर वार्ड के विकास कार्यों का मांगा हिसाब
आवेदन में नगर निगम के सभी वार्डों में पिछले पांच वर्षों के दौरान करवाए गए विकास कार्यों की सूची मांगी गई है। इसमें सड़क, नाली, सफाई, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, पार्क सहित अन्य कार्यों की स्वीकृत राशि, वास्तविक खर्च, ठेकेदार का नाम एवं कार्य पूर्ण होने की स्थिति का विवरण मांगा गया है।
नगर निगम पर कितना कर्ज, कितना बजट शेष?
नगर निगम पर कुल कितनी उधारी है, किस मद में कितना कर्ज बकाया है, निगम के पास वर्तमान में कितना बजट उपलब्ध है तथा विभिन्न मदों में कितनी राशि शेष है, इसका भी पूरा विवरण मांगा गया है।
फॉगिंग मशीनों की स्थिति पर भी उठाए सवाल
नगर निगम के पास कुल कितनी फॉगिंग मशीनें हैं, कितनी चालू हैं और कितनी खराब पड़ी हैं, इसकी मशीनवार जानकारी मांगी गई है। साथ ही मशीनों की खरीद, मरम्मत, रखरखाव, भुगतान बिल तथा वार्डवार फॉगिंग कार्यों के रिकॉर्ड की प्रमाणित प्रतियां भी मांगी गई हैं।
UD टैक्स वसूली का वार्डवार हिसाब मांगा
वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक प्रत्येक वार्ड में कितना UD टैक्स वसूला गया तथा इस राशि का उपयोग नगर निगम द्वारा किस मद में किया गया, इसका वार्डवार एवं वर्षवार विवरण उपलब्ध करवाने की मांग की गई है।
RTI के माध्यम से नगर निगम के वित्तीय प्रबंधन, विकास कार्यों में खर्च हुई राशि और जनसुविधाओं पर किए गए व्यय की वास्तविक स्थिति सामने लाने का प्रयास किया गया है। अब देखना होगा कि नगर निगम द्वारा मांगी गई सूचनाएं निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध करवाई जाती हैं या नहीं।

Subscribe to my channel


