प्रयागराज। वाराणसी क्राइम ब्रांच के विवेचना सेल में तैनात इंस्पेक्टर तरुण कुमार पांडेय ने सोमवार को प्रयागराज के मयोर रोड स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना इलाके में सनसनी फैलाने वाली रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर तरुण कुमार पांडेय लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे और अकेले ही घर में रह रहे थे। उनकी पत्नी और बेटा बेंगलुरु में रहते हैं। हाल ही में उनकी पोस्टिंग वाराणसी के क्राइम ब्रांच में विवेचना सेल में हुई थी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे बीमारी और अकेलेपन को वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस को घटनास्थल से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद हुई है, जिससे गोली मारी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिवार को सूचना दे दी गई है।
इंस्पेक्टर तरुण कुमार पांडेय की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।