उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद बस्ती के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
नोडल जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन आगामी दो दिनों तक भी जारी रहेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं लाभार्थियों का सम्मान, प्रमाण पत्र वितरण तथा बच्चों को उपहार सामग्री वितरित की गई। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्न प्राशन संस्कार भी कराया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभागीय अधिकारियों एवं कार्यकत्रियों ने उपस्थित लोगों को बाल विकास, पोषण एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई।

Subscribe to my channel


