LIVE TVब्रेकिंग न्यूज़महेंद्रगढ़हरियाणा
आम आदमी की जरूरतों पर केंद्रित है भारत की वर्तमान डाक-प्रणाली : सुमित गट्ट

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार महेंद्रगढ़ हरियाणा
*नारनौल टुडे न्यूज़*
डाक-विभाग ने राष्ट्र-निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है और इसकी उपयोगिता और प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। यह कहना है भारतीय डाक-सेवा के अधिकारी तथा गुरुग्राम मंडल के डाक-अधीक्षक सुमित गट्ट का। मनुमुक्त ‘मानव’ मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा स्थानीय सैक्टर-1, पार्ट-2 स्थित अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र मनुमुक्त भवन में ‘वर्तमान में डाक-विभाग की भूमिका एवं प्रासंगिकता’ विषय पर आयोजित विचार-गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि आज भी आम आदमी डाकघरों और डाककर्मियों पर भरोसा करता है। तमाम उतार-चढ़ावों के बावजूद इतना जन-विश्वास कोई अन्य संस्था अर्जित नहीं कर पाई।
*उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थिति कुछ समय में नहीं बनी है, बल्कि इसके पीछे वर्षों का श्रम और सेवा छिपी है। उन्होंने डाक-विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का परिचय देते हुए स्पष्ट किया कि अंग्रेजों की डाक-प्रणाली उनके व्यापारिक और सामरिक हितों पर केंद्रित थी, जबकि हमारी वर्तमान डाक-प्रणाली आम आदमी की जरूरतों को केंद्र में रखकर विकसित की गई है। इस अवसर पर चीफ ट्रस्टी डॉ रामनिवास ‘मानव’ ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट क्रांति तथा सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण आज ‘डाकिया डाक लाया’ वाली स्थिति तो नहीं है, लेकिन समय के साथ नई-नई योजनाएं प्रारंभ कर डाक-विभाग वर्तमान में भी अपनी प्रासंगिकता बनाये हुए है। गोष्ठी में ट्रस्टी डॉ कांता भारती, डाकपाल अशोककुमार गर्ग, डाक सहायक हिम्मत सिंह और अमित पूनिया आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट द्वारा अंगवस्त्र, सम्मान-पत्र और स्मृति-चिन्ह भेंटकर मुख्य अतिथि सुमित गट्ट को सम्मानित भी किया गया।*

Subscribe to my channel


