जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
भूस्खलन प्रभावित सरोटी जबरान गांव पहुंचे सरदार ज़ाहिर खान, जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर, पुंछ। जम्मू-कश्मीर भाजपा जन कल्याण मंच के उपाध्यक्ष सरदार ज़ाहिर खान ने अपनी टीम के साथ उपमंडल मेंढर के सरोटी जबरान (सरहोटी जबरान) गांव का दौरा कर भूस्खलन एवं भूमि धंसने से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, नुकसान और मौजूदा हालात की जानकारी ली।
दौरे के दौरान सरदार ज़ाहिर खान ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि उन्हें तत्काल राहत, उचित मुआवजा और बेहतर पुनर्वास उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्र का तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए, असुरक्षित मकानों और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, जिससे लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सरदार ज़ाहिर खान ने केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर के लिए विशेष आर्थिक पैकेज घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़ और भूमि धंसने जैसी घटनाओं से प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में विशेष पैकेज के माध्यम से प्रभावित परिवारों को राहत एवं मुआवजा देने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण में तेजी लाई जा सकती है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार से भी अपील की कि प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित आवास, सड़क संपर्क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की अतिरिक्त कठिनाई का सामना न करना पड़े।
सरदार ज़ाहिर खान ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की राहत, पुनर्वास और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी कार्रवाई से पीड़ित परिवारों को राहत मिलेगी तथा जनता का प्रशासन और सरकार पर विश्वास भी मजबूत होगा।

Subscribe to my channel


