बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
अब सीवरेज मैनहोल में खाद्य अपशिष्ट व डिस्पोजल सामग्री डालने पर होगी कार्रवाई
नगर परिषद बालोतरा ने समाज भवनों व सामुदायिक परिसरों को जारी किए सख्त निर्देश, नियमों की अवहेलना पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। नगर परिषद बालोतरा ने शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समाज भवनों एवं सामुदायिक परिसरों के संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की विभिन्न धाराओं के तहत जारी नोटिस में विवाह, सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के बाद बचा हुआ भोजन, जूठन, प्लास्टिक, थर्माकोल, पेपर प्लेट, कप, गिलास, चम्मच सहित अन्य ठोस अपशिष्ट सीवरेज मैनहोल या सीवर लाइन में डालने पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि विभिन्न समाज भवनों में आयोजित कार्यक्रमों के बाद खाद्य अपशिष्ट एवं डिस्पोजल सामग्री सीवरेज नेटवर्क में डाली जा रही है। इससे सीवर लाइन जाम होने, बार-बार ब्लॉकेज की समस्या, गंदे पानी की निकासी बाधित होने तथा आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही नगर परिषद को सफाई एवं रखरखाव पर अतिरिक्त व्यय भी वहन करना पड़ रहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक कार्यक्रम के दौरान और उसके बाद उत्पन्न होने वाले सभी ठोस अपशिष्टों का पृथक संग्रहण कर नगर परिषद की ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था के माध्यम से विधिवत निस्तारण कराया जाए। किसी भी परिस्थिति में जूठन, प्लास्टिक, थर्माकोल, कागज के डिस्पोजल, प्लेट, कप, गिलास, चम्मच अथवा अन्य ठोस कचरा सीवरेज मैनहोल या सीवर लाइन में नहीं डाला जाए।
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि किसी समाज भवन से इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है अथवा निरीक्षण के दौरान निर्देशों की अवहेलना पाई जाती है तो संबंधित संस्था, समाज या भवन संचालक के विरुद्ध राजस्थान नगर पालिका अधिनियम एवं अन्य लागू नियमों के तहत दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।
यह नोटिस तेरापंथ भवन, माली समाज भवन, जाटू भवन, बुढ़ादान बगीची (अग्रवाल पंचायत भवन) तथा अग्रसेन भवन सहित विभिन्न समाज भवनों के संचालकों को जारी किया गया है। नगर परिषद ने सभी संबंधित संस्थाओं से निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
Subscribe to my channel


