उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मुख्य राजस्व अधिकारी ने किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 4 अगस्त 2026 (सू.वि.)। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर जाने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैरिकेडिंग निर्धारित मानकों के अनुरूप मजबूत तरीके से लगाई जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित की जाए कि कांवड़ियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे तथा आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।

निरीक्षण के उपरांत मुख्य राजस्व अधिकारी ने पचपेडिया रोड पर जलभराव की शिकायत का भी संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित क्षेत्र ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस पर उन्होंने ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button