अलवरखैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के विकास को 117 करोड़ की सौगात, CM भजनलाल शर्मा ने 95 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के समग्र विकास के लिए 117 करोड़ रुपये की लागत के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। खैरथल-तिजारा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने ईआरसीपी के तहत नीमराणा बांध के कार्य को शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास तथा तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क के सुदृढ़ीकरण की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने खैरथल जिला मुख्यालय पर पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद के सृजन तथा जयपुर विद्युत वितरण निगम के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की स्थापना की घोषणा भी की। इन घोषणाओं से क्षेत्र में सड़क, पेयजल और विद्युत सेवाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया और विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल और देवी सिंह शेखावत, महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन ने भी भाग लिया।
117 करोड़ के 95 कार्यों से विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री द्वारा किए गए लोकार्पण एवं शिलान्यास में शामिल 95 कार्यों से तीनों जिलों में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी विकास परियोजनाओं को गति मिलने की बात कही गई। साथ ही नई घोषणाओं के माध्यम से सड़क, सिंचाई, पेयजल और विद्युत ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

Subscribe to my channel


