LIVE TVअपराधजोधपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
ट्रेन में लाखों की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
जोधपुर। जीआरपी थाना बीकानेर पुलिस ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान की चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और करीब 5 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में चोरी का शेष माल बरामद करने और गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को नागपुर से नोखा जा रही ट्रेन संख्या 22631 में एक महिला यात्री और उसकी बहन के बैग से करीब 65-70 तोला सोने के आभूषण, चांदी की पायल, अन्य आभूषण तथा 7-8 लाख रुपए नकद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस पर जीआरपी थाना बीकानेर में प्रकरण संख्या 42/2026 धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ट्रेनों में विशेष गश्त एवं निगरानी की। रिजर्वेशन चार्ट और तकनीकी पहलुओं के विश्लेषण से महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद विशेष कार्ययोजना तैयार की गई। पुलिस ने गैंग के चार सदस्यों वीरेन्द्र कुमार उर्फ पिल्ला, सुरेन्द्र कुमार, सुनील कुमार और रणवीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने 6-7 सदस्यों की गैंग बनाकर ट्रेनों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। वारदात में इस्तेमाल वाहन बोलेरो को भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक गैंग लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाती थी। यात्री स्टेशन आने से पहले अपना सामान गैलरी या ट्रेन के गेट के पास रखने लगते थे। गैंग के सदस्य सामान पास खड़े होकर मदद के बहाने यात्रियों का ध्यान भटकाते और बैग की चेन या लॉक को औजारों की मदद से खोलकर उसमें रखे जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। इसके बाद आरोपी अगले स्टेशन पर उतरकर अपने वाहन से फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में पूर्व के प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है। पुलिस गैंग से जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है।
यात्रियों के लिए जीआरपी की एडवाइजरी: पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि बैग और सूटकेस को सीट के नीचे सुरक्षित रूप से लॉक करके रखें, अनजान व्यक्ति के भरोसे अपना सामान छोड़कर न जाएं तथा पर्स, आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज अपने पास सुरक्षित रखें। किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु न लें। ट्रेन या प्लेटफॉर्म पर कोई लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे छुए बिना तत्काल पुलिस को सूचना दें। चोरी या सुरक्षा संबंधी सूचना के लिए रेलवे की 24×7 हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है।
Subscribe to my channel


