पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने लगाया आरोप,कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का दुरुपयोग करते हुए किया जा रहा है उनके विरुद्ध दुष्प्रचार
Former MLA and Congress leader Rajkumar Thukral alleged that some people are misusing artificial intelligence technology by creating fake identities and spreading false propaganda against him.

ब्यूरो रिपोर्ट… रामपाल सिंह धनगर
रुद्रपुर। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी पहचान बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा है।

और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ठुकराल ने कहा कि वह अब उच्च न्यायालय में अपनी बात रखकर संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगेंगे।

मीडिया से बातचीत में राजकुमार ठुकराल ने कहा कि संदीप सिंह और बिट्टू ठुकराल नाम से बनाई गई कथित फर्जी पहचान के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता का गलत इस्तेमाल कर उनके फर्जी चित्र तैयार किए गए और उन्हें प्रदर्शित कर समाज में उनकी छवि को चोट पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप सिंह की फर्जी पहचान में एआई के माध्यम से उन्हें गोल टोपी पहने हुए दिखाया गया, जबकि बिट्टू ठुकराल की कथित फर्जी पहचान में आरकेटी लिखा डंपर दिखाया गया है।

ठुकराल ने कहा कि वह समाज में सभी धर्मों का सम्मान करते आए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को सनातन धर्म में आस्था रखने वाला सच्चा हिंदू मानते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में एसएसपी, एसपी, सीओ, एलआईयू और साइबर अपराध कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का दुरुपयोग गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति की छवि खराब करने के साथ ही उसे मानसिक रूप से परेशान करने के लिए भी किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग एआई के माध्यम से लोगों को नुकसान पहुंचाने अथवा आत्महत्या के लिए मजबूर करने जैसी परिस्थितियां पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते दुरुपयोग को देखते हुए कई देशों में इसके नियमन को लेकर गंभीरता से कदम उठाए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें कुर्सी के साथ दिखाते हुए भी एआई से तैयार चित्र प्रसारित किए गए हैं, जबकि उनके अनुसार वर्ष 2022 में उनके राजनीतिक भविष्य को समाप्त करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद उन्होंने भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं किया। उनके पास कांग्रेस का टिकट था, लेकिन उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि वह तीन साल तक इंतजार करते रहे और भाजपा के साथ विश्वासघात नहीं किया।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि इसके बाद नगर निगम चुनाव में भी उनके साथ धोखा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि वह और उनके भाई संजय ठुकराल नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा के समर्थन में सामने नहीं आते तो विकास शर्मा आज महापौर नहीं होते।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि शासन में महंगाई काफी बढ़ गई है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि किच्छा और सिरौलीकलां में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर पार्टी उन्हें जो आदेश देगी, वह उसका पालन करेंगे।
Subscribe to my channel


