खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

नगरीय निकाय चुनाव 2026 : प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों की रवानगी

अपने कर्तव्यों को लेकर सजग रहे एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें: जिला निर्वाचन अधिकारी

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 10 सितंबर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश की उपस्थिति में किशनगढ़ बास के मतदान दलों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के उपरांत मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री एवं ईवीएम उपलब्ध करवाकर नगर किशनगढ़बास में मतदान दिवस हेतु निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इसी प्रकार नगर पालिका मुंडावर, टपूकड़ा एवं कोटकासिम में भी प्रशिक्षण पश्चात मतदान दलों को रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी निर्वाचन संबंधी सभी नियमों, निर्देशों एवं प्रक्रियाओं से भली-भांति अवगत रहें तथा मतदान प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान दलों को पूर्ण सजगता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। मतदान दल मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम एवं अन्य सामग्री को सुरक्षित रखें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक सतर्क एवं सजग रहते हुए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करें तथा मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाएं।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट ने मुंडावर नगर पालिका के मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया में प्रत्येक चरण महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करें और मतदान प्रारंभ होने से पूर्व मॉक पोल सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं नियमानुसार पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान प्रक्रिया, मतदाता की पहचान, मतदान अभिकर्ताओं की भूमिका, निर्वाचन अभिलेखों के संधारण, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सीलिंग तथा मतदान समाप्ति के बाद की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्मिकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

प्रशिक्षण के पश्चात मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। रवानगी से पूर्व मतदान दलों को ईवीएम एवं आवश्यक निर्वाचन सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया गया तथा उन्हें निर्धारित मतदान केंद्रों पर समय पर पहुंचकर मतदान संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान संबंधित निर्वाचन एवं पुलिस अधिकारी तथा मतदान दलों के कार्मिक उपस्थित रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button