ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थानशिक्षा

विद्यार्थियों ने दिखाई पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, 322 किलो ई-वेस्ट किया एकत्रित

रोटरी क्लब ऑफ भिवाड़ी शक्ति ने ई-वेस्ट ड्राइव के प्रतिभागी विद्यालयों को किया सम्मानित

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

 “आज का ई-वेस्ट, कल के पर्यावरण का संकट न बने”—इसी संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ भिवाड़ी शक्ति द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ई-वेस्ट ड्राइव का पुरस्कार वितरण समारोह रेड फॉक्स होटल में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। अभियान में चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कुल 322 किलोग्राम ई-वेस्ट एकत्रित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। क्लब अध्यक्षा उपमा जैन ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का उत्तरीय पहनाकर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना केवल जागरूकता का प्रयास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ई-वेस्ट संग्रहण में प्रेसीडेंसी द इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने 150 किलोग्राम तथा मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने 148 किलोग्राम ई-वेस्ट एकत्रित किया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांथालका के विद्यार्थियों ने 17 किलोग्राम तथा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खिजूरीवास के विद्यार्थियों ने 7 किलोग्राम ई-वेस्ट एकत्रित कर अभियान को सफल बनाया। समारोह में डिस्ट्रिक्ट 3053 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बृजमोहन अग्रवाल, रिसोर्स ई-वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अमित्व सेन, क्लब मेंटर आर.सी. जैन, पीडीजी हरीश गौड़, असिस्टेंट गवर्नर अनिकेत विजयवर्गीय तथा म्युनिसिपल काउंसिल ऑफ भिवाड़ी के ब्रांड एंबेसडर राजीव अरोड़ा सहित अन्य अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने ई-वेस्ट के बढ़ते खतरे, इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ‘से नो प्लास्टिक’ अभियान के तहत सभी अतिथियों को थैले वितरित किए गए । कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन अर्चना नाकरा एवं डॉ. नवनीता शर्मा ने किया। इस अवसर पर यंग इंडियन्स गुरुग्राम से करिश्मा सिंघानिया, अध्यक्ष क्लाइमेट एक्शन, इंशा छाबड़ा, अध्यक्ष थालिर, क्लब कोषाध्यक्ष प्रतिभा निखंज सहित रोटरी क्लब ऑफ भिवाड़ी शक्ति की सभी सदस्याएं उपस्थित रहीं। समारोह के अंत में क्लब सचिव नलिनी वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों, विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट का सही संग्रहण और उचित निस्तारण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों द्वारा किया गया यह प्रयास समाज को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण का संदेश देने के साथ-साथ दूसरों को भी ई-वेस्ट के प्रति जागरूक करने वाला प्रेरणादायी कदम है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button