बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

एनआरसीसी में हिन्दी पखवाड़ा प्रारम्‍भ

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर 10 सितम्‍बर, 2026 । भाकृअनुप–राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर में हिन्‍दी दिवस-2026 के उपलक्ष्‍य पर हिन्दी पखवाड़े का आज प्रारम्‍भ किया गया। केन्द्र में 10 सितम्बर से 23 सितम्बर 2026 तक हिन्दी पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस अवसर पर केन्‍द्र के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यंग प्रोफेशनल आदि ने उत्‍साही सहभागिता निभाई ।

सदन को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने केन्द्र में हिन्दी पखवाड़े मनाए जाने की विधिवत घोषणा करते हुए कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीति के अंतर्गत हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हिन्दी कार्यालयीन कार्यों को सरल, सहज एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी किसानों, पशुपालकों एवं आमजन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा दैनिक कार्यों में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने हिन्दी में प्रचलित विभिन्न विदेशी भाषा के शब्दों के हिन्दी अर्थों पर चर्चा करते हुए उपस्थितजनों से उनके अर्थ पूछे, जिससे कार्यक्रम में रोचकता के साथ-साथ हिन्दी शब्द-ज्ञान में भी अभिवृद्धि हुई।

हिन्दी पखवाड़े के मुख्य अतिथि डॉ. राम अवतार लेघा, प्रभागाध्यक्ष, भाकृअनुप–राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र ने शुभारंभ के अवसर पर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हिन्दी के प्रचार-प्रसार एवं प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए हिन्दी दिवस के अवसर पर पखवाड़ा एवं हिन्दी मास जैसे विभिन्न कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने हिन्दी के व्यापक प्रयोग एवं निरंतर विकास की आवश्यकता बताते हुए राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन के अंतर्गत कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक पत्राचार, फाइलें हिन्दी में चलाने का आह्वान किया। डॉ.लेघा ने कहा कि वर्तमान तकनीकी युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं विभिन्न हिन्दी टूल्स की उपलब्धता के कारण कम्प्यूटर पर हिन्दी में कार्य करना और भी आसान हो गया है।

केन्द्र के राजभाषा नोडल अधिकारी डॉ. राकेश रंजन ने हिन्दी दिवस मनाए जाने की परंपरा तथा केन्द्र में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग की स्थिति से सदन को अवगत कराया। साथ ही उन्‍होंने रोजमर्रा के कार्यों में हिन्‍दी के अधिकाधिक उपयोग हेतु भी प्रोत्‍साहित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री नेमीचंद बारासा ने किया तथा धन्यवाद प्रस्ताव श्री रणवीर सिंह ने प्रस्तुत किया।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button