बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किया ‘माँ यशोदा के नाम’ पौधारोपण

जिला प्रभारी सचिव, जिला कलेक्टर और मुख्य वन संरक्षक ने किया पौधारोपण

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 3 सितंबर। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ‘माँ यशोदा के नाम’ पौधारोपण का जिला स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को ग्राम कतरियासर में आयोजित किया गया। इस दौरान जिला प्रभारी सचिव श्री हेमंत गेरा, जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन और मुख्य वन संरक्षक श्री आर.के. खेरवा सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सचिव श्री गेरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पुराने जल स्रोतों, बावड़ियां और तालाबों को पुनर्जीवित करना आज की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अधिक से अधिक पौधे लगाएं और इनकी देखभाल करें। उन्होंने श्रमदान के महत्त्व के बारे में बताया।

प्रभारी सचिव ने कहा कि यदि हर घर में रिचार्ज पिट बनाया जाए और पुराने पौधों की देखभाल के साथ नए पौधे लगाए जाएं, तो क्षेत्र के तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि एक पौधा अपने 50 वर्ष के जीवनकाल में लगभग बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन देता है। उन्होंने कहा कि अधिक पौधरोपण से तापमान में कमी आएगी और वर्षा की संभावना बढ़ेगी।

जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने बताया कि कतरियासर में 110 बीघा (27.50 हेक्टेयर) भूमि पर 5 हरित चारागाह विकसित किए जा रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत मरुधरा संजीवनी पार्क, थार हरित क्षेत्र, मरु चिंकारा चारागाह, प्रकृति संवर्द्धन चारागाह और जैव विविधता धाम शामिल हैं। इनमें 59 प्रजातियों के 31 हजार 700 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 20 हजार पौधे मियावाकी पद्धति से लगेंगे। अब तक 7,100 पौधे लगाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि चारागाहों में लगाए जा रहे छायादार और औषधीय पौधे स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होंगे, वहीं फलदार पौधे पंचायत की आय का साधन बनेंगे और स्थानीय घास वन्यजीवों के लिए उपयोगी होगी।

मुख्य वन संरक्षक ने कहा कि पौधा लगाना सिर्फ शुरुआत है। उसकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना ही असली जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से ज्यादा लोगों को जोड़ने की बात कही। साथ ही, ‘हरियालो-राजस्थान’ अभियान को लोगों की भागीदारी से सफल बनाने की अपील की।

जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि जलग्रहण विकास एवं भू-जल संरक्षण विभाग द्वारा पीएमकेएसवाई योजना के तहत चारागाह विकास एवं पौधारोपण कार्य करवाए गए हैं।

इस दौरान प्रभारी सचिव ने चारागाह भूमि पर कार्य करने वाले श्रमिकों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। प्रभारी सचिव ने स्वयं पौधारोपण कर संदेश दिया, वहीं ग्रामीणों ने पौधों की नियमित सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।

उप वन संरक्षक श्री जी. वेंकटेश ने जिले में किए गए पौधारोपण की जानकारी दी और सभी का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। महंत मोहन नाथ जी महाराज ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन श्री गोपाल जोशी ने किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस श्री मन्नू गर्ग जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री राजेश पुरोहित, जल ग्रहण विकास एवं भू-जल विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री भूप सिंह, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिलीप कुमार, अधीक्षण अभियंता श्री महेश अजाडीवाल, अधिशासी अभियंता श्री रामेश्वर बेनीवाल, सहायक अभियंता श्री मुकेश आहूजा सहित अन्य सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button