जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर पुलिस स्टेशन में PCPG बैठक आयोजित, एसएसपी वैभव मीणा ने आतंकवाद और नशे के खिलाफ जनसहयोग की अपील की
एसएसपी ने जनता से पुलिस की आंख और कान बनकर सहयोग करने का किया आह्वान, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का दिया भरोसा

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ/मेंढर, 22 अक्टूबर 2026।
जम्मू-कश्मीर के जिला पुंछ के पुलिस स्टेशन मेंढर में गुरुवार को पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस कम्युनिटी पार्टनरशिप ग्रुप (PCPG) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पुंछ श्री वैभव मीणा (IPS) ने की।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, मीडिया कर्मियों, सनातन धर्म एवं उलेमा-ए-किराम के प्रतिनिधियों, ट्रांसपोर्ट यूनियन तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
जनता की समस्याएं सुनीं, कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और रोजमर्रा की परेशानियों को एसएसपी के समक्ष रखा। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य समस्याओं को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष उठाया गया।
आतंकवाद और नशे के खिलाफ जनता का सहयोग जरूरी: एसएसपी
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी वैभव मीणा ने कहा कि आतंकवाद और नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से पुलिस की आंख और कान बनकर संदिग्ध गतिविधियों तथा नशे से संबंधित सूचनाएं समय रहते साझा करने की अपील की।
एसएसपी ने त्वरित सूचना साझा करने के लिए अपना मोबाइल नंबर भी उपस्थित लोगों के साथ साझा किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस को जानकारी देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
युवाओं को खेल और शिक्षा से जुड़ने का संदेश
एसएसपी वैभव मीणा ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहकर खेलकूद, शिक्षा तथा अन्य रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं।
उन्होंने युवाओं को विरोधी तत्वों के गलत मंसूबों का शिकार न बनने और समाज के सकारात्मक विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना रहा।

Subscribe to my channel


