उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
डीसीसी/डीएलआरसी बैठक में धीमी ऋण प्रगति पर सीडीओ ने जताई नाराजगी, बैंकों को दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 25 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने वार्षिक ऋण योजना के निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए बैंक प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋण योजनाओं में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर प्रतिकूल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा युवाओं और महिलाओं की स्वरोजगार के क्षेत्र में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की है।
उन्होंने डीसी मनरेगा संजय शर्मा को निर्देशित किया कि ऋण पत्रावलियों की प्रत्येक सप्ताह विशेष निगरानी की जाए। बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऋण आवेदनों का पूरी पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए। यदि किसी आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण भी दर्ज किया जाए।
मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने आरसी मामलों की समीक्षा करते हुए बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि अपनी-अपनी शाखाओं के बकायेदारों के संबंध में नियमानुसार आरसी जारी करने की कार्रवाई करें। साथ ही पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, पशुपालन, मत्स्य विभाग तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों—हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर, सदर प्रतिनिधि मु. सलीम तथा महादेवा प्रतिनिधि फूल चन्द्र श्रीवास्तव—ने लंबे समय से लंबित ऋण पत्रावलियों पर नाराजगी व्यक्त की। सरोज मिश्र ने कहा कि शासन की योजनाओं के अनुरूप पात्र लाभार्थियों की ऋण पत्रावलियों को उदारतापूर्वक एवं नियमानुसार स्वीकृत किया जाए, ताकि स्वरोजगार को बढ़ावा मिले और युवाओं की आर्थिक प्रगति का आधार मजबूत हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़ी दो महिला लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
बैठक का संचालन एलडीएम आर.एन. मौर्या ने किया। इस दौरान डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीडीएम नाबार्ड मनीष कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्या, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दूबे, कार्यकारी अधिकारी मत्स्य संदीप वर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


