LIVE TVअपराधबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 गुम मोबाइल बरामद, 50 लाख की संपत्ति वास्तविक मालिकों को लौटाई

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 13 अगस्त 2026। बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए तकनीकी संसाधनों और साइबर तकनीक की मदद से गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज, बीकानेर श्री ओमप्रकाश, आईपीएस के निर्देशन में रेंज पुलिस द्वारा आमजन की गुम हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीकानेर रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल ने रेंज के विभिन्न जिला पुलिस अधिकारियों के समन्वय, सहयोग और तकनीकी सहायता से यह कार्रवाई अंजाम दी।

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से लेकर करीब चार वर्ष की अवधि के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन की तकनीकी माध्यमों से तलाश की गई। अभियान के तहत कुल 200 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिन्हें उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किया गया।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान लौट आई। धारकों ने पुलिस की तत्परता और तकनीकी प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पवन कुमार भदौरिया, श्री सुखविंदर पाल सिंह सहित रेंज कार्यालय के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

पुलिस टीम का योगदान

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक विमलेश कुमार, कांस्टेबल बाबूलाल डूडी (कानि. 778), कांस्टेबल गोविंद सिंह (कानि. 568), जिला बीकानेर, कांस्टेबल विनोद कुमार (कानि. 1391), जिला श्रीगंगानगर, महिला कांस्टेबल रानी (म.कानि. 445), जिला हनुमानगढ़ तथा कांस्टेबल सुनील कुमार (कानि. 229), जिला बूंदी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आमजन से पुलिस की अपील

बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन अथवा कोई अन्य सामान गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस द्वारा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और अन्य माध्यमों से गुमशुदा सामान की तलाश कर उसे उसके वास्तविक धारक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाता है।

नशा मुक्ति का संदेश

पुलिस ने इस अवसर पर नशे के खिलाफ भी जागरूकता संदेश जारी करते हुए कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। पुलिस ने आमजन से संकल्प लेने की अपील की कि नशा न करेंगे, न करने देंगे और न ही नशे के अवैध कारोबार को पनपने देंगे। आसपास नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

बीकानेर रेंज पुलिस की यह पहल आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस का ध्येय: अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास।

 

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button