उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती: मुख्यमंत्री ने किया कैशलेस चिकित्सा योजना, डीबीटी हस्तांतरण और एसबीआई एमओयू का शुभारंभ, जीआईसी में हुआ सीधा प्रसारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 8 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, छात्र-छात्राओं को ड्रेस, जूता और मोजा खरीदने के लिए 1200 रुपये की डीबीटी राशि के हस्तांतरण तथा एसबीआई के साथ हुए एमओयू का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का जनपद बस्ती में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) स्थित बहुउद्देशीय सभागार में सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में शासन स्तर से नामित अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, गुलाब चन्द्र सोनकर तथा अंकुर वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का बुके और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा जिला विद्यालय निरीक्षक संजय कुमार ने प्रस्तुत की, जबकि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 उत्कृष्ट शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं शिक्षण सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सभी उप जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

Subscribe to my channel

