बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

अवैध औद्योगिक टेक्सटाइल इकाई के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई, 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूला

*नगर परिषद एवं प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीम ने जेसीबी से हटाया अवैध निर्माण* *औद्योगिक अपशिष्टयुक्त पानी के जमाव का किया निरीक्षण*

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

बालोतरा, 16 नवम्बर। शहर में अवैध रूप से संचालित औद्योगिक टेक्सटाइल इकाइयों के विरुद्ध नगर परिषद एवं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की संयुक्त टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया। साथ ही मौके पर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से स्थापित अस्थायी ढांचे एवं निर्माण को हटाया गया।

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय के निर्देशों की पालना में इस कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता अखाराम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। नगर परिषद की ओर से स्वच्छता निरीक्षक प्रथम मेनका बिश्नोई एवं स्वच्छता निरीक्षक द्वितीय नाथाराम तथा प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी अशोक कुमार एवं दलपत सिंह कार्रवाई में शामिल रहे।

संयुक्त टीम ने मुक्तिार खान, मुंगड़ा रोड क्षेत्र में मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से स्थापित अस्थायी ढांचे एवं निर्माण को हटाया गया। साथ ही औद्योगिक अपशिष्टयुक्त पानी के जमाव की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित पक्ष से 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। प्रशासन ने औद्योगिक इकाई संचालकों से निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा शहर की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button