ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी में झूठी FIR वालों पर पुलिस का सबसे बड़ा शिकंजा, SP बृजेश उपाध्याय का सख्त संदेश—’कानून से खिलवाड़ नहीं चलेगा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पुलिस जिला भिवाड़ी में झूठे मुकदमे दर्ज कराकर कानून को गुमराह करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। एसपी बृजेश उपाध्याय (IPS) के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कई गंभीर मामलों की निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच की। जांच में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, मारपीट, लज्जा भंग और अन्य गंभीर आरोपों वाले कई प्रकरण झूठे पाए गए।
अनुसंधान अधिकारियों ने केवल मामले बंद नहीं किए, बल्कि संबंधित परिवादियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 217/248 के तहत न्यायालय में इस्तगासे भी पेश किए। न्यायालय ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आरोप लगाने वालों को झूठा मुकदमा दर्ज कराने का दोषी माना तथा अलग-अलग मामलों में 1000 रुपये और 500-500 रुपये के आर्थिक दंड से दंडित किया।
भिवाड़ी पुलिस का कहना है कि झूठे मुकदमे पुलिस संसाधनों की बर्बादी के साथ-साथ वास्तविक पीड़ितों के न्याय में भी बाधा बनते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में अब कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसपी बृजेश उपाध्याय का स्पष्ट संदेश है कि भिवाड़ी में सत्य शिकायतों को पूरा न्याय मिलेगा, लेकिन कानून का दुरुपयोग कर झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि केवल सत्य तथ्यों के आधार पर ही शिकायत दर्ज कराएं, क्योंकि झूठे आरोप अब सीधे कानूनी कार्रवाई और अदालत की सजा तक पहुंच सकते हैं।

Subscribe to my channel


