खेलखैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनराजस्थानशिक्षा

जाट बहरोड़ में सामुदायिक भवन एवं स्टेडियम का लोकार्पण, शिक्षा, खेल और कौशल विकास पर दिया जोर

युवाओं को पुस्तकालयों, खेल मैदानों और कौशल विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 5 जुलाई। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि युवाओं को पुस्तकालयों, खेल मैदानों और कौशल विकास से जोड़कर ही क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सकारात्मक सोच से संभव होती है।

जाट बहरोड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने नवनिर्मित सामुदायिक भवन एवं स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनना चाहिए तथा इसका उपयोग समाजहित के कार्यों के लिए किया जाना चाहिए।

उन्होंने कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र सहित निर्माण कार्य से जुड़े सभी लोगों को समय से पूर्व सामुदायिक भवन एवं स्टेडियम का निर्माण पूर्ण कराने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि वहां नियमित खेल गतिविधियां संचालित हों ताकि बच्चे और युवा खेलों से जुड़कर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हों। उन्होंने सेवानिवृत्त सैनिकों से भी खेल गतिविधियों के संचालन में सहयोग देने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांवों में ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को अपने गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराना है। इससे विद्यार्थियों को बड़े शहरों में रहकर अनावश्यक खर्च करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वे परिवार के साथ रहकर बेहतर वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। उन्होंने जाट बहरोड़ क्षेत्र में भी ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने कि बात कही।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेती के साथ-साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देना होगा। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, जिनका लाभ उठाने के लिए युवाओं का दक्ष होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कौशल विकास को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने क्षेत्र की गौरवशाली सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए शहीद सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में स्थापित शहीद स्मारक केवल स्मृति चिह्न नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा के केंद्र हैं। इन स्थलों का सम्मान, संरक्षण एवं नियमित रखरखाव समाज का दायित्व है।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जाट महासभा अध्यक्ष अमित, अलवर डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला अध्यक्ष महासिंह, पंचायत समिति प्रधान महेश गुप्ता, डॉ. शालू, केडी यादव, मनीष यादव, अनूप यादव, पवन यादव, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button