ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
बेटे के 18वें जन्मदिन पर 151 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए विप्र सेना खैरथल-तिजारा की टीम ने एक बार फिर वृक्षारोपण अभियान को आगे बढ़ाया। पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार भिवाड़ी क्षेत्र में पौधारोपण का कार्य कर रही संस्था के जिला महासचिव धर्मेन्द्र गौतम ने अपने पुत्र यशराज के 18वें जन्मदिवस के अवसर पर 151 पौधे लगाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अभियान के तहत जामुन, अमरूद, शीशम, इमली और नीम के कुल 151 पौधे लगाए गए। इनमें से 100 पौधे यूसीएसकेएम स्कूल के पास स्थित क्षेत्र में रोपे गए। इस अवसर पर विप्र सेना के जिला अध्यक्ष अशोक कौशिक और सोमदत्त शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके बाद 51 पौधों का रोपण थड़ा स्कूल के सामने स्थित खेल मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम में तोलाराम यादव, कृष्ण यादव, राकेश शर्मा (अध्यक्ष, हिल व्यू गार्डन आरडब्ल्यूएस) तथा अन्य सहयोगियों ने भाग लेकर वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी ली गई, ताकि भविष्य में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर लोगों को छाया, फल और स्वच्छ ऑक्सीजन प्रदान कर सकें।
विप्र सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत प्रयास है। संस्था आगे भी इसी तरह पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

Subscribe to my channel

