ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
गांधी कुटीर सेक्टर-4 के निवासियों ने उठाई त्रुटिपूर्ण पानी के बिलों की समस्या, सही बिल जारी करने की मांग

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, 7 जून 2026। गांधी कुटीर, सेक्टर-4 वार्ड नंबर 12 स्थित महाराणा प्रताप पार्क में रविवार को सेक्टरवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग) भिवाड़ी के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में भेजे जा रहे भारी-भरकम एवं त्रुटिपूर्ण पानी के बिलों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में भाजपा मंडल महामंत्री एवं वार्ड नंबर 12 के पूर्व प्रत्याशी राहुल सिंह राजपूत ने बताया कि सेक्टर के अधिकांश निवासियों को वास्तविक जल उपयोग से कहीं अधिक राशि के पानी के बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे लोगों में भारी असंतोष और चिंता का माहौल है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी सेक्टरवासियों ने जलदाय विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद विभाग ने समस्या का समाधान करते हुए वास्तविक जल उपभोग के आधार पर संशोधित बिल जारी किए थे। इन बिलों का भुगतान मार्च 2026 में सेक्टरवासियों द्वारा कर दिया गया था। इसके बावजूद विभाग की ओर से पुनः बिना किसी स्पष्ट आधार के अत्यधिक राशि वाले बिल भेज दिए गए हैं।
सेक्टरवासियों का कहना है कि इतनी अधिक राशि का भुगतान करना उनके लिए संभव नहीं है। बार-बार गलत बिल जारी होने से पूरे क्षेत्र के लोग परेशान और भयभीत हैं।
बैठक में उपस्थित लोगों ने जलदाय विभाग से मांग की कि गलत एवं अत्यधिक राशि वाले सभी बिल तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं तथा वास्तविक जल उपयोग के आधार पर नए और सही बिल जारी किए जाएं, ताकि उपभोक्ता समय पर उनका भुगतान कर सकें।
इस अवसर पर राधेश्याम शर्मा, कालूराम कुमावत, रामजनक, विनय वर्मा, पंकज त्यागी, एल.एस. सिंह, विजय सिंह, हरि प्रकाश, संध्या सिंह, सतीश कुमार शर्मा, रमेश राय, महेंद्र सिंह चौहान, गीता शेखावत, सुरेंद्र शेखावत, किशन लाल, आनंद खन्ना, शिव कुमार गुप्ता, कवर सिंह, दिनेश कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में गांधी कुटीर अरावली विहार के सेक्टरवासी उपस्थित रहे।
सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Subscribe to my channel


