ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण, कर्मचारियों को दिलाया हरित संरक्षण का संकल्प

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेवेंट मेटलकास्ट लिमिटेड, भिवाड़ी परिसर में पौधरोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंपनी प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. नीलेश निगम (एमएस, ईएसआईसी हॉस्पिटल भिवाड़ी), डॉ. मयंक गुप्ता (नोडल अधिकारी, ईएसआईसी भिवाड़ी), डॉ. कुलवंत यादव (हेड, टीबी एवं चेस्ट विभाग), प्रीति जैन (एईएन, जेवीवीएनएल) एवं संजीत ठाकुर ने पौधरोपण कर किया। एमओवीआईक्यू इंडिया के अधिकारी विजय प्रकाश सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में कंपनी परिसर में 50 से अधिक पौधों का रोपण कर कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान प्लांट हेड विजय शर्मा, एचआर हेड प्रणव शास्त्री एवं यूनिट एचआर मनीष ढिल्लों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ईएसआईसी भिवाड़ी की टीम द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें टीबी एवं छाती संबंधी रोगों की रोकथाम, समय पर उपचार तथा स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही कर्मचारियों को ईएसआईसी की स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में योगेश गौतम, विकास सिंह सहित कंपनी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ समाज निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
फोटो कैप्शन – भिवाड़ी स्थित रेवेंट मेटलकास्ट लिमिटेड परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पौधे लगाते अतिथि, कंपनी अधिकारी एवं कर्मचारी।

Subscribe to my channel


