बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर: टूटी विद्युत सर्विस लाइन से गाय की करंट लगने से मौत, समय रहते बिजली बंद होने से टला बड़ा हादसा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 5 जून। मुक्ता प्रसाद नगर क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। जानकारी के अनुसार मुक्ता प्रसाद नगर स्थित 8/72 मकान के सामने लगे विद्युत पोल की सर्विस लाइन टूट जाने से सड़क पर करंट प्रवाहित होने लगा, जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई।

स्थानीय निवासी एवं अधिवक्ता जुगल किशोर कनवाडिया ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने सुबह करीब 6 बजे से 7 बजे के बीच बीकेईएल (BKCL) की ऑनलाइन इमरजेंसी सेवा पर चार बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वे बिजली विभाग के मुक्ता प्रसाद स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यालय पर ताला लगा मिला और कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वार्ड-17 के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र डोटासरा को फोन पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली बंद नहीं करवाई जाती तो राहगीरों, बच्चों या अन्य पशुओं की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टूटे हुए विद्युत तारों और जर्जर विद्युत व्यवस्थाओं की नियमित जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button