उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में ग्रामीण पर्यटन को मिल रही नई पहचान, बढ़नी मिश्र और अमोढ़ा खास बनेंगे पर्यटन हब

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 03 जून 2026। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग जनपद बस्ती में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व वाले बढ़नी मिश्र और अमोढ़ा खास गांवों को ग्रामीण पर्यटन विकास के लिए चिन्हित किया गया है। इन गांवों में पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
बढ़नी मिश्र गांव का संबंध रामायण काल से माना जाता है। मान्यता है कि यह भगवान श्रीराम के गुरु महर्षि वशिष्ठ का मूल निवास स्थान रहा है। वहीं अमोढ़ा खास अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अमोढ़ा के राजा जालिम सिंह और रानी तलाश कुवरी ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था। गांव में आज भी राजा जालिम सिंह के किले के अवशेष मौजूद हैं। इसके अलावा प्रसिद्ध रामरेखा मंदिर और चतुर्भुजी मंदिर भी यहां स्थित हैं।
पर्यटन विभाग द्वारा दोनों गांवों में हस्तशिल्प एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही पर्यटकों के ठहरने के लिए होमस्टे सुविधाओं हेतु स्थानों की पहचान भी की गई है, जिससे आगंतुकों को ग्रामीण जीवन और स्थानीय संस्कृति का अनुभव मिल सके।
पर्यटन नीति 2022 के तहत जनपद बस्ती में अब तक 28 नई पर्यटन इकाइयों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें लगभग 174.15 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इससे होटल, बजट होटल, कन्वेंशन सेंटर और अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास होगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
पर्यटन विभाग ने वर्ष 2017 से अब तक जनपद के 34 प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास के लिए 51.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें मखौड़ा धाम, रामरेखा मंदिर, हनुमान बाग चकोही, भदेश्वरनाथ मंदिर, चंदो ताल और वन विहार जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं।
इसके अलावा संस्कृति विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस, हर घर तिरंगा, संस्कृति उत्सव, नवरात्रि और वाल्मीकि जयंती जैसे आयोजनों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कला, संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान मिल रही है।
ग्रामीण पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से बस्ती जनपद को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
Subscribe to my channel


