जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर के अरी गांव में नदी किनारे शुरू हुए आपातकालीन सुरक्षा कार्य, कैबिनेट मंत्री जावेद अहमद राणा के निर्देश पर फ्लड कंट्रोल विभाग हरकत में

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर, 24 जुलाई। हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के मद्देनज़र जम्मू-कश्मीर के कैबिनेट मंत्री जावेद अहमद राणा ने मेंढर के सीमावर्ती गांव अरी का दौरा कर नदी किनारे हो रहे कटाव और स्थानीय लोगों के सामने उत्पन्न खतरे का जायजा लिया। मौके पर निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा उपाय शुरू करने के निर्देश दिए, जिसके बाद फ्लड कंट्रोल विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में आपातकालीन सुरक्षा कार्य प्रारंभ कर दिए।
कैबिनेट मंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद शुरू हुए सुरक्षा कार्यों का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए कहा कि इससे नदी किनारे रहने वाले परिवारों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में भी ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में स्थायी और दीर्घकालिक सुरक्षा योजनाएं लागू करेगी, ताकि बाढ़ और नदी कटाव से होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
इस अवसर पर बोपर मंडल मेंढर के सचिव परवेज खान जंजुआ ने कहा कि कैबिनेट मंत्री जावेद अहमद राणा एक जनहितैषी और सक्रिय नेता हैं, जो हर संकट की घड़ी में प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के लिए प्रभावी निर्देश देते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री पीर पंजाल क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित वातावरण, मजबूत बुनियादी ढांचा और बेहतर विकास सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।
परवेज खान जंजुआ ने सरकार से मांग की कि फ्लड कंट्रोल विभाग के माध्यम से गांव अरी में नदी किनारे मानक गुणवत्ता की आरसीसी (रिइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट) सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में नदी कटाव और बाढ़ के कारण मकानों, कृषि भूमि, संपर्क मार्ग तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को स्थायी सुरक्षा मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाता है तो हर वर्ष बरसात के मौसम में आने वाली बाढ़ और कटाव से होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकेगा। सरकार द्वारा शुरू किए गए आपातकालीन सुरक्षा कार्यों को क्षेत्र के लोगों ने राहत भरा कदम बताते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग दोहराई।

Subscribe to my channel


