उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, जून तक पूरे होंगे तटबंध एवं स्पर निर्माण कार्य

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 03 जून 2026। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को हर्रैया तहसील क्षेत्र में घाघरा नदी के किनारे स्थित बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं एवं तटबंधों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य बाढ़ से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौरा-सैफाबाद, चांदपुर-गौरा, उमरिया रिंग बांध तथा कटरिया-चांदपुर तटबंध का जायजा लिया। अधिशासी अभियंता, बाढ़ कार्य खंड प्रथम ने बताया कि उमरिया रिंग बांध और उसके आसपास बसे 12 गांवों की सुरक्षा के लिए दो स्पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसकी प्रगति लगभग 50 प्रतिशत हो चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यह कार्य जून 2026 के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ से पूर्व सभी जरूरी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं ताकि तटबंधों और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा उन्होंने गौरा-सैफाबाद तटबंध के किलोमीटर 4.400 से 4.700 के बीच स्थित ग्राम मौजपुर की सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे चार डैम्पनरों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि तीन डैम्पनरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है और इसे 15 जून 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कटरिया-चांदपुर तटबंध पर स्थित बाढ़ चौकी और स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के दौरान जूनियर इंजीनियर, सहायक अभियंता एवं अन्य कर्मचारी तटबंधों की लगातार निगरानी करते हैं तथा बाढ़ चौकी के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाता है।
बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टोर में बोल्डर, विकररोड़ा, नायलॉन क्रेट, जीआई वायर क्रेट और सीमेंट की खाली बोरियों सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण किया गया है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां मानसून शुरू होने से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार, सहायक अभियंता संजय शुक्ला, सत्येंद्र गौतम, शीलभद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


