उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कुवानो नदी जीर्णोद्धार अभियान का शुभारंभ, जनसहभागिता से होगी नदी की सफाई

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 02 जून 2026। जिला प्रशासन के तत्वावधान में मंगलवार को जनसहभागिता के माध्यम से कुवानो नदी के जीर्णोद्धार अभियान की शुरुआत की गई। विकास खंड बस्ती सदर के ग्राम पंचायत मूडघाट स्थित श्मशान घाट पुल के नीचे नदी की साफ-सफाई कर अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज देवी तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील यादव उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घाट क्षेत्र की साफ-सफाई करते हुए अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि नदियां भारतीय संस्कृति और सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जिस प्रकार शरीर में धमनियां रक्त का संचार करती हैं, उसी प्रकार नदियां जीवन और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखती हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि विश्व की अधिकांश महान सभ्यताएं नदियों के किनारे ही विकसित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नदियां अपने मूल स्वरूप को खोती जा रही हैं। जल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है तथा प्रदूषण के कारण नदियों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपनी प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आए।
ब्लॉक प्रमुख ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुवानो नदी के जीर्णोद्धार अभियान को सफल बनाने के लिए सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाया जा सकता है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और अविरल जलधारा सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) राजनारायण शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहजराम, परशुराम, रामललित, बबलू, श्याम नारायण, शिवनारायण चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


