देशधर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा में पुरुषोत्तम मास पर निकली विशाल नगर परिक्रमा, धर्म ध्वजा के साथ गूंजे राधे-कृष्ण के जयकारे

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 31 मई 2026।
अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर बालोतरा में सनातन धर्म सभा समिति (संचालित – विश्व हिन्दू परिषद) के तत्वावधान में रविवार प्रातः विशाल नगर परिक्रमा का आयोजन किया गया। प्रातः 4 बजे श्री माधवदासजी की बगेची स्थित वनखंडी महादेव मंदिर एवं नया चोंच मंदिर से धर्म ध्वजा के साथ परिक्रमा का शुभारंभ हुआ।
परिक्रमा में बड़ी संख्या में माताओं, बहनों, युवाओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में “राधे कृष्ण” एवं “जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए नगर की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि भारतीय कालगणना में अधिकमास को पुरुषोत्तम मास कहा जाता है। इस अवधि में आध्यात्मिक साधना, भक्ति एवं धर्म कार्यों का विशेष महत्व माना गया है। इसी उद्देश्य से गोवर्धन परिक्रमा की तर्ज पर गाय के दूध की अखंड धारा के साथ नगर परिक्रमा आयोजित की गई।
परिक्रमा का मार्ग श्री माधवदासजी की बगेची से प्रारंभ होकर वनखंडी महादेव मंदिर, वृंदावन बगेची, अग्रसेन भवन, चेतन बाबा की झोपड़ी, जेरला गांव, आजाद शनिश्वर मंदिर, जोधपुर रोड, मुगड़ा चौराहा, रेलवे पुल, गोविंद गोपाल गौशाला, अन्नपूर्णा गौशाला, पुराना एवं नया चोंच मंदिर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः वनखंडी महादेव मंदिर और श्री माधवदासजी की बगेची पहुंचा।
अन्नपूर्णा गौशाला में गौ माता की परिक्रमा, साधु-संतों के प्रवचन तथा प्रसादी कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का समापन महाआरती के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने धर्म, समाज एवं राष्ट्र की उन्नति की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सनातन धर्म सभा समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार पुंगलिया, उपाध्यक्ष उत्तमसिंह राजपुरोहित, सचिव राधेश्याम संत, कोषाध्यक्ष नारायणप्रसाद पालीवाल सहित समिति के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Subscribe to my channel


