बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
गंगाशहर सैटेलाइट चिकित्सालय में दवा गोदामों को किया वातानुकूलित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर में प्रचण्ड गर्मी को मध्य नजर रखते हुए गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा गंगाशहर सैटेलाइट चिकित्सालय में दवा भण्डारण गोदामों को वातानुकूलित किया गया है। परिषद् की गंगाशहर इकाई के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने बताया कि अस्पताल में दवा भण्डारण हेतु दो गोदाम हैं। जिसमें से एक डॉ. बी.डी. कल्ला द्वारा प्रदत्त विधायक कोटे की राशि से बनवाया गया था व दूसरा गंगाशहर नागरिक परिषद् के दानदाताओं की सहयोग राशि से बनवाया गया था। दूगड़ ने बताया कि गर्मी के वातावरण को देखते हुए इन दवा गोदामों को वातानुकूलित करना आवश्यक था। महेंद्र चौपड़ा ने बताया कि हाल ही में कई जगहों पर गर्मी के तापमान की वजह से दवाइयां खराब होने की सामाचार पत्रों में खबरें आ रही थी। राजस्थान मेडिकल सर्विसेज काॅरपोरेशन के निर्देशों के अनुसार अस्पताल अधीक्षक के निवेदन पर परिषद् ने दोनों दवा भण्डारण गोदामों को वातानुकूलित करने का निर्णय लिया। बच्छराज रांका ने बताया कि इन दवा गोदामों के वातानुकूलन हेतु परिषद् द्वारा अस्पताल अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मीकि को 3 ए.सी. भेंट किए गए। इस अवसर पर परिषद् का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. बाल्मीकि ने कहा कि इससे दवाओं की गुणवत्ता की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। डॉ. बाल्मीकि ने कहा कि गंगाशहर नागरिक परिषद् द्वारा आवश्यकता के अनुरूप संसाधनों की उपलब्धता व कार्यों की त्वरित क्रियान्विति किये जाने से उत्साहवर्धन होता है। उन्होंने परिषद् के कार्यकर्ताओं द्वारा अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार हेतु जागरूकता पूर्वक किये जा रहे कार्यों की अनुमोदना करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर गंगाशहर नागरिक परिषद् के मगनमल छाजेड़, नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल मोदी, परमेश्वर सियाग, कल्पना यादव, अनिल तंवर, मनोज पन्नू, अशोक कड़ाला आदि गणमान्य व्यक्ति व अस्पताल के कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रेषक
जतनलाल दूगड़
संयोजक, गंगाशहर समिति
*गंगाशहर नागरिक परिषद्

Subscribe to my channel


