उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह ने की विकास कार्यों की समीक्षा, लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 30 मई 2026। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विकास कार्यों की मासिक मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डल के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता जांच कराने तथा पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री आवास (ग्रामीण), जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, आईसीडीएस पोषण अभियान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों के निर्माण और विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिन योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
मण्डलायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों का सीधा संबंध आम जनता से है, इसलिए अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों का भौतिक सत्यापन करें। साथ ही अपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा कर संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण रिपोर्ट अपलोड करने के निर्देश दिए, जिससे जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में गेहूं खरीद, खरीफ गोष्ठी, खाद-बीज की उपलब्धता तथा नहरों में पानी की स्थिति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जी.एन., जिलाधिकारी संत कबीर नगर आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सहित तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी एवं मंडल स्तरीय विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


