बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
स्व. रूक्मणी देवी की स्मृति में गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल को मिले 5 डिजिटल बी.पी. मॉनिटर

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
गंगाशहर। स्वर्गीय श्रीमती रूक्मणी देवी धर्मपत्नी श्री शुभकरण सींगी की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों द्वारा गंगाशहर सैटेलाइट अस्पताल को 5 इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल बी.पी. मॉनिटर भेंट किए गए। यह उपकरण रोगियों के ब्लड प्रेशर की जांच में उपयोग किए जाएंगे, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
गंगाशहर नागरिक परिषद् के संयोजक जतनलाल दूगड़ ने बताया कि इलेक्ट्रिक चार्जर सहित इन डिजिटल बी.पी. मॉनिटर को स्व. रूक्मणी देवी के पुत्र जयप्रकाश सींगी एवं नरेश कुमार सींगी ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. मुकेश बाल्मीकि और नर्सिंग अधीक्षक मोहनलाल मोदी को सौंपा।
इस अवसर पर जतनलाल दूगड़ ने सींगी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में उनका योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के लिए इस प्रकार का सहयोग अत्यंत सराहनीय है और इससे मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान गंगाशहर नागरिक परिषद् के बच्छराज रांका, नर्सिंगकर्मी परमेश्वर सियाग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


