बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनराजस्थान
48 डिग्री तापमान में फतेहपुर के धोरों में शूट हुई राजस्थानी फिल्म ‘भक्त सुंदरदास’

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
फतेहपुर शेखावाटी। शशि सुंदर फिल्म्स के बैनर तले बन रही राजस्थानी आध्यात्मिक फिल्म *‘भक्त सुंदरदास’* के प्रथम शेड्यूल की शूटिंग सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। भीषण गर्मी और लगभग 48 डिग्री तापमान के बावजूद फिल्म की शूटिंग फतेहपुर शेखावाटी एवं रामगढ़ शेखावाटी के धोरों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जारी रही। कठिन मौसम के बावजूद कलाकारों और तकनीकी टीम ने पूरे समर्पण के साथ शूटिंग पूरी कर फिल्म के प्रति अपने जुनून और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
फिल्म का विधिवत शुभारंभ नगरदास गांव स्थित श्री बालाजी स्कूल एवं बालाजी मंदिर परिसर में किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, कलाकारों और फिल्म से जुड़े सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्री बालाजी स्कूल के निर्देशक धर्मपाल मील एवं ताराचंद मील ने सभी कलाकारों और टेक्नीशियन का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया।
फिल्म के लेखक एवं निर्देशक बी.एल. मान हैं, जबकि सह-निर्देशक की भूमिका संजय भाटी निभा रहे हैं। फिल्म के डीओपी सुरेश खांडल हैं तथा फिल्म की मुख्य कहानी भंवर सिंह शेखावत द्वारा लिखी गई है। फिल्म में भंवर सिंह शेखावत ने डबल रोल निभाया है, वहीं बाल कलाकार के रूप में मास्टर अनिरुद्ध सिंह शेखावत की विशेष भूमिका रही।
फिल्म में हर्षिका, अमन सिंह राठौड़, ऐश्वर्या, खुशी रानी, राकेश लोहरा (कॉमेडियन जॉनी), धर्मपाल बशीर, ममता अग्रवाल, दीपक व्यास, मनोज कुमावत ( फौजी ), दिलीप कुमावत , पवन , देवकिशन, विशाल, योगेश, कालू बन्ना, राम चौधरी, आयुष जांगिड़, आयुष सैनी, धर्मपाल मील, ताराचंद मील एवं बृजलाल मील, सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी भक्ति, त्याग और आध्यात्मिक आस्था पर आधारित है। फिल्म यह संदेश देती है कि यदि बच्चों के मन में बचपन से भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास जगाया जाए, तो वही आस्था जीवन के कठिन समय में शक्ति और मार्गदर्शन का माध्यम बनती है।
लेखक एवं निर्देशक बी.एल. मान ने बताया कि फिल्म के माध्यम से राजस्थानी संस्कृति, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए इसे राजस्थानी सिनेमा के लिए एक प्रेरणादायक और महत्वपूर्ण कदम बताया।

Subscribe to my channel


