बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा में सीवरेज निर्माण कार्य पर उठे सवाल, वार्ड 18 के लोगों ने जताई नाराजगी

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा के मेघवालों का वास स्थित वार्ड नंबर 18 में चल रहे सीवरेज लाइन निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा और केवल खानापूर्ति कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सीवरेज लाइन जोड़ने के लिए नियमानुसार दो अलग-अलग होदियां बनाई जानी चाहिए, जिनमें एक में मल-मूत्र एवं अपशिष्ट जल तथा दूसरी में बाथरूम और घरेलू पानी की पाइप लाइन जोड़ी जाती है। आरोप है कि संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए बिना घरों के पाइप से पानी बंद कराए सीधे निर्माण कार्य किया जा रहा है और बिना पर्याप्त सुखाए ही पाइप कनेक्शन जोड़े जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही भविष्य में गंभीर समस्या बन सकती है। आशंका जताई जा रही है कि रोड के नीचे गुजर रही पेयजल पाइप लाइन में सीवरेज का गंदा पानी मिल सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ जाएंगे। साथ ही बाद में सीवरेज व्यवस्था को दोबारा ठीक कराने में लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित एजेंसी और अधिकारियों से मांग की है कि घटिया निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए तथा सीवरेज होदियों में गटर गैस निकासी के लिए चिमनी और पाइप की उचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना या स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
Subscribe to my channel


