LIVE TVउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
ईद-उल-अजहा को लेकर खीरी पुलिस अलर्ट, SSP डॉ. ख्याति गर्ग ने किया फ्लैग मार्च

रिपोर्ट: डॉ. संजय पांडेय, स्टेट हेड उत्तर प्रदेश
मोबाइल नंबर: 7376326175
खीरी, 26 मई 2026। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने मंगलवार को पर्याप्त पुलिस बल के साथ जनपद में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के विभिन्न इलाकों में एरिया डोमिनेशन करते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर पैनी नजर रखने तथा त्योहारों के दौरान माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन द्वारा जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से 2 सुपर जोन, 7 जोन और 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही 105 पोस्टर पार्टियों का गठन किया गया है, जो लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखेंगी।
सुपर जोन प्रथम (पूर्वी) की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक पवन कुमार गौतम को तथा सुपर जोन द्वितीय (पश्चिमी) की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय को सौंपी गई है। वहीं सभी जोनों में संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के तहत 7 क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम), 2 ड्रोन सर्विलांस पार्टियां एवं 2 रिजर्व पार्टियां भी तैनात की गई हैं। थाना कोतवाली सदर, खीरी, मोहम्मदी, धौरहरा एवं ईसानगर क्षेत्रों में पीएसी बल भी लगाया गया है।
एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी कुर्बानी स्थलों का पूर्व निरीक्षण करें और किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न होने दें। साथ ही सभी पोस्टर पार्टियां 28 मई की सुबह 3 बजे से क्षेत्र में सक्रिय होकर हर गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देंगी।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।


Subscribe to my channel


